सीएम सैनी सहित मंत्री विपुल गोयल, राजेश नागर व केंद्रीय राज्यमंत्री गुर्जर ने राहुल गाँधी को बताया लंगड़ा घोड़ा

फरीदाबाद , 6 जून ( धमीजा ) : हरियाणा में कांग्रेस को मज़बूत करने व संगठन बनाने के लिए राहुल गाँधी के हरियाणा दौरे के बाद पूरी भाजपा ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।आज शुक्रवार को पलवल में सीएम नायब सिंह सैनी ने राहुल गांधी को कांग्रेस का लंगड़ा घोड़ा बताया। दरअसल 4 जून को संगठन विस्तार कार्यक्रम में चंडीगढ़ पहुंचे राहुल गांधी ने हरियाणा कांग्रेस नेताओं को 3 कैटेगरी में बांटते हुए लंगड़ा, बारात और रेस का घोड़ा बताया था। CM सैनी ने गुरुवार को पलवल की अनाज मंडी में धन्यवाद रैली के दौरान कहा कि राहुल गांधी और हरियाणा कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। देश में कांग्रेस का 55 साल राज रहा है। राहुल बाबा खुद अंदाजा लगाएं कि कौन लंगड़ा घोड़ा था, कौन बारात का घोड़ा और कौन रेस का घोड़ा है।

सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा के कांग्रेसी यहां के लोगों से लूटे पैसे से राहुल गांधी की तिजोरी भरते रहे। जब तक ये ऐसा करते रहे तब तक तो आपको ये आपको रेस के घोड़े दिखाई दे रहे थे, लेकिन जब लूट का पैसा आना खत्म हो गया और हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखा दिया तो अब आपको ये लंगड़े घोड़े दिखाई दे रहे हैं।

हरियाणा वाले रेस के घोड़े ,राहुल खुद हैं लंगड़े घोड़े  श्री सैनी ने कहा कि राहुल गांधी लंगड़ा घोड़ा तो राहुल गांधी खुद हैं। हमारे हरियाणा के लोग तो रेस के घोड़े हैं, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दौड़ रहे हैं। कांग्रेस के समय में किसानों को कोई सम्मान निधि नहीं दी जाती थी, लेकिन बीजेपी की सरकार ने किसानों को सम्मान के साथ पैसा भी भेजा है।

आज देश मज़बूत हाथों में 

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि आज देश मजबूत हाथों में है। पहलगाम में मारे गए हमारे लोगों का बदला लेने के लिए हमारी सेना ने आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा है। हमारा देश आंतक को सहन करने वालों में नहीं है। हमारे देश की सेना आतंक का मुंहतोड़ जबाव देती है।

कांग्रेस नेताओं को तीन वर्गों में बांटा राहुल गांधी ने  4 जून को चंडीगढ़ में पहुंचे राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तीन कैटेगरी में बांटा था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस में तीन तरह के घोड़े होते हैं। रेस के, बारात के और लंगड़े घोड़े। इसके बाद उन्होंने कहा था कि रेस के घोड़ों को दौड़ाया जाएगा। बारात के घोड़ों को बारात में भेजा जाएगा और लंगड़े घोड़ों को थोड़ा चारा-पानी देकर रिटायर कर दिया जाएगा।

मंत्री विपुल गोयल और राजेश नागर ने भी कांग्रेस को बताया फेलियर 

इससे पूर्व फरीदाबाद जिले में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और राज्य मंत्री राजेश नागर ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस हरियाणा में पूरी तरह संगठनहीन हो चुकी है। राहुल गांधी के हरियाणा दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए विपुल गोयल ने कहा कि जो पार्टी पिछले 13 वर्षों में संगठन नहीं बना पाई, वह अब क्या संगठन बनाएगी। 

अब समाप्ति की ओर बढ़ रही कांग्रेस

विधानसभा चुनाव के सात महीने बीत चुके हैं, लेकिन कांग्रेस आज तक नेता प्रतिपक्ष नहीं तय कर पाई। विपुल गोयल ने कहा कि राहुल गांधी जब हरियाणा आए थे, तो जाते-जाते कम से कम एक नेता प्रतिपक्ष ही दे जाते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नीति हीन, नियत हीन और संगठनहीन पार्टी बनकर रह गई है, जो अब समाप्ति की ओर बढ़ रही है।

राहुल गाँधी के दौरे बेअसर : कृष्णपाल गुर्जर 

फरीदाबाद में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हरियाणा दौरे को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र है और हर पार्टी के नेता को अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से मिलने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खूब दौरे करें, लेकिन उन दौरों का असर भी दिखना चाहिए।

राहुल गांधी द्वारा लोकसभा सत्र बुलाए जाने की मांग पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि सत्र की तारीख पहले से तय होती है और उसमें सभी को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलता है। कृष्णपाल गुर्जर फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के अवसर पर पहुंचे थे।

Please follow and like us:
error1
fb-share-icon20
Tweet 20
fb-share-icon20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com
error

Enjoy this blog? Please spread the word :)