अहमदाबाद , 12 जून ( धमीजा ) : अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश में सवार सभी 242 लोगों की मौत हो गई है। न्यूज एजेंसी AP ने गुजरात पुलिस कमिश्नर के हवाले से यह जानकारी दी।
एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे।
हादसे की जगह से मिले ज्यादातर शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करने में बेहद मुश्किल आ रही है। उनकी पहचान DNA टेस्ट के बाद ही संभव होगी।
हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है। भाजपा के राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने X पर यह जानकारी दी। हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने अपनी पोस्ट डिलीट कर दी।
प्लेन जिस बिल्डिंग से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते हैं। जानकारी के मुताबिक हादसे के समय इमारत में 50 से 60 डॉक्टर मौजूद थे, इनमें 15 से ज्यादा घायल हो गए हैं।
एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 1:40 बजे यह क्रैश हो गई।
जानकारी के मुताबिक विमान एयरपोर्ट की दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हुआ। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया।
उड़ान भरते ही आग का गोला बना:बोइंग 787-8
बोइंग का 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अपनी फ्यूल एफिशिएंसी और आरामदायक सफर के लिए जाना जाता है। हालांकि इसकी सेफ्टी को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इसमें खामियां सामने आने के बाद दुनियाभर में इसकी फ्लीट के उड़ान भरने पर 3 महीने के लिए रोक लगा दी गई थी।

पायलट ने आखिरी समय पर मदद के लिए Mayday कॉल किया था
विमान के पायलट सुमित सुब्बरवाल ने आखिरी मौके पर मे-डे (May day) कॉल दिया था। यह एक अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन कॉल है, जिसे पायलट उस स्थिति में भेजता है जब विमान गंभीर संकट में हो और उसे इमरजेंसी हेल्प की जरूरत हो।
Mayday शब्द की उत्पत्ति फ्रेंच शब्द “m’aidez” से हुई है, जिसका अर्थ होता है “मदद कीजिए (Help me)”। इसे तीन बार दोहराया जाता है — “Mayday Mayday Mayday”
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में सड़कों पर लाशें बिखरीं, शरीर बुरी तरह जले
गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया प्लेन क्रैश में 100 से ज्यादा यात्री मारे गए हैं। अहमदाबाद से लंदन जा रहे विमान में 242 यात्री सवार थे। हादसे के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया।

अस्पताल में स्ट्रेचर कम पड़े तो हाथ ठेले से ले जाए जा रहे शव अहमदाबाद प्लेन क्रैश होने के बाद हादसे के शिकार लोगों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया जा रहा है। अस्पताल में स्ट्रेचर कम पड़े तो हाथ ठेले से शवों को ले जाया जा रहा है। अस्पताल में ओ निगेटिव ब्लड की कमी होने के बाद ब्लड डोनेशन की अपील की है।
प्लेन डॉक्टर हॉस्टल की 4 बिल्डिंग से टकराया , जहाँ 50-60 इंटर्न डॉक्टर मौजूद थे
अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन सिविल हॉस्पिटल के हॉस्टल की 4 बिल्डिंग से टकराया था। जिनमें रेजिडेंट डॉक्टर रहते थे। घटना के दौरान हॉस्टल में 50 से 60 इंटर्न डॉक्टर्स मौजूद थे। ज्यादातर मेस में लंच कर रहे थे। धमाके का असर इतना था कि अंदर मौजूद डॉक्टरों के शव भी टुकड़ों में बिखर गए।
प्लेन में सवार पूर्व सीएम विजय रूपाणी का निधन
अहमदाबाद में क्रैश हुए एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन में पंजाब BJP के प्रभारी एवं गुजरात के पूर्व CM विजय रूपाणी का निधन हो गया। वह 3 साल से पंजाब और चंडीगढ़ BJP के प्रभारी थे। उन्होंने 3 दिन पहले लुधियाना में वेस्ट हलका के उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार जीवन गुप्ता के लिए प्रचार किया था।
हेल्पलाइन नंबर जारी
विमान हादसे के बाद एअर इंडिया ने एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। यह नंबर 1800-5691-444 है।
