हिसार , 9 जून ( धमीजा ) : हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए सोमवार को पहली फ्लाइट ने उड़ान भरी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई और खुद भी चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। इसके इन्होंने पहले ही टिकट बुक करा ली थी। इस अवसर पर उनके साथ , कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, राज्य मंत्री राजेश नागर, विधायक रणधीर पनिहार, विधायक विनोद भयाणा, विधायक सावित्री जिंदल, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली समेत अन्य नेताओं ने भी इस फ्लाइट में सफर किया।
हर सोमवार और शुक्रवार को उड़ान भरेगी फ्लाइट ,एक घंटे का होगा सफर
यह फ्लाइट सेवा सप्ताह में 2 दिन सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। हिसार से चंडीगढ़ की उड़ान लगभग 1 घंटे की होगी, जबकि वापसी में उड़ान समय करीब 1 घंटा 10 मिनट रहेगा। एलायंस एयर फ्लेक्सी किराया मॉडल के तहत टिकट बुक कर रही है, जिसमें किराया ₹1449 से ₹1704 के बीच रखा गया है। इससे लोगों को दोनों शहरों के बीच तेज और आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।
हिसार से चंडीगढ़ की दूरी करीब 252 किमी है। सड़क के रास्ते चंडीगढ़ पहुंचने में जहां करीब 4 घंटे लगते हैं। वहीं, ट्रेन से यह सफर 7 घंटे का हो जाता है। हालांकि, अब हवाई मार्ग से यह समय काफी कम हो जाएगा। फ्लाइट से लगभग एक घंटा में ही यात्री चंडीगढ़ पहुंच सकेंगे।
हिसार से चंडीगढ़ के अलावा जयपुर, जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी शुरू होगी फ्लाइट
हिसार से आने वाले समय में, हिसार से चंडीगढ़ के लिए दूसरी हवाई उड़ान शुरू हो रही है। हिसार से जयपुर, हिसार से अहमदाबाद, हिसार से जम्मू के लिए भी यात्राएं चलती रहेंगी। ये इंडस्ट्री का भी हब बनेगा। इस प्रकार की जब जहां सुविधा होती है तो स्वाभाविक है वहां का विकास होता है। मैं आपको बधाई भी देता हूं।
प्रधानमंत्री ने 14 अप्रैल को अयोध्या के लिए उड़ान को झंडी दिखा किया था उद्घाटन
हिसार से दिल्ली और अयोध्या के लिए फ्लाइट की शुरुआत 14 अप्रैल से हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर हिसार से अयोध्या के लिए पहली उड़ान का शुभारंभ किया था। उड्डयन विभाग के मुताबिक, हिसार से अब तक 750 से अधिक यात्री अयोध्या के लिए उड़ान भर चुके हैं।
हालांकि, अभी हिसार से फ्लाइट फुल नहीं हो रही है। दिल्ली में ठहराव होने से कई यात्री राष्ट्रीय राजधानी से भी विमान में चढ़ते हैं। इससे सभी सीटें लगभग भर जाती हैं। अभी गर्मियों की छुट्टियां भी हो गई हैं। ऐसे में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।