फरीदाबाद, 24 जून ( नवीन धमीजा ) : हरियाणा की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दिल्ली की काउंटर इंटेलिजेंस ने फरीदाबाद में दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर कुख्यात गैंगस्टर रोमिल वोहरा को एनकाउंटर में मार गिराया। एनकाउंटर में गैंगस्टर की गोली से 2 सब इंस्पेक्टर भी घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गैंगस्टर वोहरा पर 3 लाख का इनाम घोषित था और वह कुख्यात काला राणा-नोनी राणा गिरोह का सक्रिय शूटर था। काला और नोनी लॉरेंस गैंग से जुड़े हैं। रोमिल करीब 8 महीने पहले इनसे जुड़ा था। वोहरा ने हाल ही में कुरुक्षेत्र में शराब ठेकेदार शांतनु की हत्या की थी। शांतनु मामले में उसके 5 साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
इस बीच यमुनानगर प्रशासन ने वोहरा के अवैध मकान को ढहाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सुबह ही नगर निगम ने उसके घर को अवैध बताते हुए नोटिस चस्पा दिया है। 15 दिन में मकान को ध्वस्त करने के आदेश जारी किए हैं। उसका 54.689 गज में डबल स्टोरी मकान है, जिसे नक्शे को बगैर सेंक्शन कराए बनाया गया है।

उधर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भय और अपराध मुक्त हरियाणा ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है। हर नागरिक की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हरियाणा पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।
STF के घेरे में आते ही गैंगस्टर ने उन पर फायरिंग की , 2 पुलिस अधिकारी हुए घायल
जानकारी के अनुसार, हरियाणा STF और दिल्ली की काउंटर इंटेलिजेंस को गुप्त सूचना मिली थी कि रोमिल वोहरा दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के पास फरीदाबाद में मांगर रोड पर मौजूद है और बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसके बाद टीम ने इलाके में घेराबंदी कर ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान जैसे ही STF ने रोमिल को घेरने की कोशिश की, उसने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में STF ने भी फायरिंग की। इसमें रोमिल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में STF के 2 जवान SI प्रवीण और SI रोहन भी घायल हुए हैं। इन दोनों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
एनकाउंटर में चली 25 – 30 राउंड गोलियां , रोमिल के पास मिली चाइनीज पिस्टल STF के SP विक्रांत भूषण ने बताया कि रोमिल के पास चाइनीज पिस्टल बरामद हुई है। रोमिल बाइक पर हरियाणा और दिल्ली में वारदात करने के लिए निकला था। अंबाला STF ने दिल्ली स्पेशल सेल की टीम के साथ मिलकर गुरुग्राम में फरीदाबाद रोड पर मांगर के पास घेर लिया। दोनों तरफ से 25 से 30 राउंड गोलियां चलीं। एनकाउंटर में रोमिल मारा गया। उसे कितनी गोलियां लगीं ये पोस्टमॉर्टम में क्लियर होगा।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एहतियात के तौर पर मांडी-फरीदाबाद रोड को बंद कर दिया था। इससे राहगीरों को परेशानी हुई। राहगीरों ने बताया कि सुबह 5 से लेकर साढ़े 11 बजे तक मांडी फरीदाबाद रोड को पुलिस ने बंद कर लिया था। किसी भी व्यक्ति को घटनास्थल तक नहीं जाने दिया गया। करीब 2 किलोमीटर का रोड बंद किया गया था।
20 साल की उम्र में ही गैंगस्टर रोमिल वोहरा ने किये संगीन अपराध
रोमिल वोहरा मूल रूप से यमुनानगर के कांसापुर रोड स्थित अशोक विहार कॉलोनी का रहने वाला था।रोमिल की उम्र केवल 20 साल थी और वह BA की पढ़ाई कर चुका था। उसने छोटी सी उम्र में बड़े-बड़े अपराध किए थे। इस वजह से उसका नाम हरियाणा और आसपास के इलाकों में अपराध की दुनिया में गूंजने लगा।
रोमिल के अपराध देख पुलिस ने उस पर 3 लाख का इनाम रखा हुआ था। वह हत्या, लूट, और फिरौती जैसे कई संगीन अपराधों में शामिल था। वह अपराध की दुनिया में इस तेजी से बढ़ता गया कि वह लॉरेंस गैंग के सिंडिकेट से जुड़े काला राणा की नजर में आ गया। उसकी दोस्ती शुभम पंडित से हुई थी। इसके बाद उसे गैंग में शामिल कर लिया गया। जिसके बाद महज 8 महीने में उसने 4 मर्डर कर दिए।