चंडीगढ़, 26 अगस्त ( धमीजा ) : आज हरियाणा विधानसभा का नजारा आम दिनों से बिल्कुल अलग था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से लेकर कई मंत्री और विधायक अपनी कारों की जगह साइकिल पर विधानसभा पहुंचे। वजह थी नशे के खिलाफ संदेश। यह पहल विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण के आह्वान पर हुई, जिन्होंने मानसून सत्र की शुरुआत पर सभी सदस्यों से साइकिल से आने की अपील की थी।
मुख्यमंत्री सैनी, स्पीकर कल्याण, कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विपुल गोयल और विधायक देवेंद्र अत्री, रणधीर सिंह पनिहार, निखिल मदान, सतपाल जाम्बा, रामकुमार कश्यप और मुकेश शर्मा सहित कई नेताओं ने साइकिल चलाई। सत्ता पक्ष का यह प्रदर्शन एक संदेश देने वाला था कि सरकार नशे की जड़ें काटने के लिए प्रतिबद्ध है।
शून्यकाल में बढ़ते अपराधों व कानून व्यवस्था को लेकर सीएम सैनी व भूपेंद्र हुड्डा ने एक दूसरे पर कसे तंज
विधानसभा में मानसून सत्र के तीसरे दिन प्रश्नकाल और शून्यकाल की समाप्ति के बाद लॉ एंड ऑर्डर को लेकर कांग्रेस के काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा हुई । इस दौरान पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीव्र प्रहार किये तो CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि हुड्डा सरकार में रोहतक थाने में महिला का रेप किया गया।
सैनी ने कहा- मैं आपको बताना चाहता हूं, जो आपके विधायकों ने काम किया है। ये मैं आरोप नहीं लगा रहा हूं, मैं तथ्यों पर बात कर रहा हूं। 10 अप्रैल 2008 को पुलिस थाना रोहतक में महिला का 5 पुलिसकर्मियों ने थाने के अंदर ही बलात्कार किया। वहां के मुख्यमंत्री आप थे। 40 दिन तक वह महिला शिकायत के लिए दर दर भटकती रही, उसकी व्यथा किसी ने नहीं सुनी।
सीएम के बयान पर पूर्व सीएम हुड्डा ने आपत्ति जताई। इसके बाद विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। इस पर सीएम नायब सैनी ने कहा- से सच सुन नहीं सकते, न ही बोल सकते हैं। इसलिए, इनकी सदन छोड़ने की आदत बनी हुई है।
चर्चा के दौरान भिवानी की टीचर मनीषा का केस जिक्र आया। विपक्ष ने इसे लेकर सरकार को घेरना चाहा।

इसी दौरान मंत्री विपुल गोयल ने एक पर्चा दिखाकर बताया कि मनीषा के पिता ने खुद वीडियो जारी कर कहा था कि वह नायब सरकार की कार्रवाई से खुश हैं। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है। विपक्ष ने तो केस को उलझाने की कोशिश की थी।
अशोक अरोड़ा बोले- CM सिटी भी बदहाल
थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने शून्यकाल में खराब सड़कों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “मुझे बड़ा दुख है कि हमारा जिले का CM सिटी होने के बाद भी ये हाल है। मुख्यमंत्री आवास तक जो रास्ता जाता है, उन सड़कों में करीब 500 गड्ढे हैं। अब जो सड़कें बनी हैं, वह भी टूट गई हैं। इसकी जांच होनी चाहिए।”
अरोड़ा ने कहा कि गांधी नगर एरिया में एक बस्ती है, यहां पर 2500 से अधिक मकान हैं, इन्हें मालिकाना हक दिया जाए। सरकार ने जो कौशल रोजगार में जॉब गारंटी की घोषणा की है, उनमें यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों को भी राहत दी जाए।
बीजेपी एमएलए गौतम ने स्पीकर पर उठाये सवाल
सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने समय कम होने पर स्पीकर पर तंज किया। उन्होंने कहा कि जब सदस्यों में लड़ाई होती है तो आप पूरा आनंद लेते हो। इस पर स्पीकर ने आपत्ति जताई। कल्याण ने कहा कि आप चेयर को ऐसा नहीं कह सकते हैं। मैं अपना काम कर रहा हूं। आपको जो भी कहना है कि वह आप लिखित में दीजिए।
गौतम ने यह भी कहा कि आजकल हर घर में एक बड़ी समस्या है कि लड़के-लड़कियां घर से भागकर शादी कर लेते हैं। सरकार को ऐसा कानून बनाना चाहिए जिससे शादी करने के लिए दोनों को अपने माता-पिता की अनुमति लेनी जरूरी हो।
कांग्रेस विधायक को मंत्री विपुल ने कहा अभी नए नए एमएलए हो….
प्रश्नकाल में कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने राशन कार्ड काटे जाने का मुद्दा उठाया। इस कारण सदन में हंगामा होने लगा। पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा सर्वे के आधार पर नाम काटे गए।
नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने पोर्टल पर सवाल खड़े करते हुए किसानों के मुआवजे के बारे में पूछा। इस पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा, ‘सब काम प्रोसेस से ही होता है। अभी नए-नए विधायक बने हो।’
प्रदेश में औसतन रोज़ाना 3 मर्डर और 5 रेप हो रहे : गीता भुक्कल
स्थगन प्रस्ताव पर कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में रोजाना 3 मर्डर और 5 रेप हो रहे हैं। केंद्र सरकार हरियाणा को सबसे सुरक्षित बताती है। हमें इस पर राजनीति करने के बजाय लोगों की सुरक्षा के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने हिमानी नरवाल के मर्डर का भी जिक्र किया।
इस पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि कांग्रेस के सदस्य सदन के माध्यम से गलत जानकारियां लोगों तक पहुंचा रहे हैं। यह सही नहीं है। इसके बाद कांग्रेस ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया।
पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मनीषा कांड में भाऊ गैंग की कॉल आई। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। हरियाणा में अपराध बढ़ रहा है।
इसी पर चर्चा करते हुए कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने कहा कि पुलिस को काम करने के लिए खुली छूट मिलने चाहिए। वहीं, भाजपा विधायक तेजपाल ने कहा कि कांग्रेस के युवा नेता सच्चाई सुन ही नहीं पा रहे। इन्हें सुनना पड़ेगा, क्योंकि आपके बुजुर्गों ने ही गड्ढे खोदे हैं।