मोदी ने बीमा सखी योजना का किया शुभारम्भ, 3 करोड़ महिलाओं को बनाएंगे लखपति

 

पानीपत , 9 दिसंबर ( धमीजा ) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पानीपत में बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया। पीएम ने महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में बीमा सखी योजना शुरू की। बीमा सखी योजना कार्यक्रम का थीम भी स्वावलंबी नारी खुशहाली हमारी रखा था। इस दौरान पीएम के साथ केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल समेत तीन केंद्रीय मंत्री भी पहुंचे। वहीं, प्रधानमंत्री मंच से हरियाणा, हिमाचल और त्रिपुरा की महिलाओं को बीमा सखी योजना का पत्र दिए।

आज का दिन ख़ास : मोदी 

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज महिला विकास की दिशा में भारत एक और मजबूत कदम उठा रहा है। आज का दिन और भी वजहों से विशेष है। आज 9 तारीख है। शास्त्रों में नौ अंक को बहुत शुभ माना जाता है। नौ अंक नव दुर्गा की नौ शक्तियों से जुड़ा है। हम सब साल में शक्ति की उपासना करते हैं। आज का दिन भी नारी शक्ति की उपासना जैसा ही है।

आज नौ दिसंबर को ही संविधान सभा की पहली बैठक हुई थी। ऐसे समय में जब देश संविधान के 75 वर्ष का महोत्सव मना रहा है। विश्व को नीति और धर्म का ज्ञान देने वाली महान धरती पर आज के दिन आना और भी सुखद है। इस समय कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव भी चल रहा है। मैं गीता की इस धरती को प्रणाम करता हूं।

पीएम ने कहा कि मैं पूरे हरियाणा को यहां के देशभक्त लोगों को राम राम करता हूं। हरियाणा ने एक हैं तो सेफ हैं के मंत्र को जिस तरह अपनाया है, वह देश में उदाहरण बना है। सैनी की सरकार को बने अभी कुछ हफ्ते ही हुए हैं, लेकिन प्रशंसा पूरे देश में हो रही है

पीएम ने की नायब सैनी की प्रशंसा
पीएम ने कहा कि लगातार तीसरी बार हरियाणा में भाजपा सरकार बनाई, इसके लिए मैं हरियाणा के हर परिवारजन का वंदन करता हूं। सैनी की नई सरकार को बने हुए अभी कुछ हफ्ते ही हुए हैं और उनकी प्रशंसा पूरे देश में हो रही है। सरकार बनने के तुरंत बाद जिस तरह यहां बिना पर्ची बिना खर्ची के हजारों युवाओं को पक्की नौकरियां मिली हैं, वह देश ने देखा है। अब यहां डबल इंजन की सरकार डबल रफ्तार से काम कर रही है। चुनाव के दौरान आप सभी माताओं बहनों ने नारा दिया था म्हारा हरियाणा नान स्टॉप हरियाणा। उस नारे को हम सभी ने अपना संकल्प बना दिया है। उसी संकल्प के साथ आज सब के दर्शन के लिए आया हूं।

बेटी बचाओ ,बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत भी पानीपत से की थी 

पीएम ने कहा कि कुछ साल पहले मुझे यहां पानीपत से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू करने का सौभाग्य मिला था। इसका सकारात्मक परिणाम हरियाणा के साथ पूरे देश में हुआ। अकेले हरियाणा में इस योजना के तहत हजारों बेटियों का जीवन बचा है। इसी धरती से बीमा सखी योजना का शुभारंभ हुआ है। यानी पानीपत एक प्रकार से नारी शक्ति की प्रतीक भूमि बन गया है।

आज भारत 2047 तक विकसित होने की दिशा में चल रहा है। हमें इसके लिए ऊर्जा के स्रोत चाहिए। इसके लिए हमारा उत्तर भारत ऊर्जा का स्रोत है। ऐसी ही हमारी ऊर्जा की स्रोत नारी शक्ति भी है। वही हमारी प्रेरणा की स्रोत रहने वाली हैं। ये विकसित भारत का बहुत बड़ा आधार बनेंगी।

महिलाओं से सम्बंधित योजनाओं का किया ज़िक्र 

पीएम ने कहा कि आजादी के बाद भी अधिकतर महिलाओं के बैंक खाते नहीं थे, इसलिए हमारी सरकार ने सबसे पहले माताओं-बहनों के जनधन बैंक खाते खुलवाए। आज गर्व है कि तीस करोड़ महिलाओं के बैंक खाते खुल गए। आज जनधन बैंक खाते न होते तो गैस सब्सिडी के पैसे आपके खाते में न आते।

उन्होंने कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ नहीं मिल पाता। रेहड़ी लगाने वाली महिलाओं के लिए बैंक के दरवाजे हमेशा बंद रहते हैं। गांव-गांव में बैंकिंग सुविधा पहुंचाने में हमारी बहनों ने भूमिका निभाई है। जिनके बैंक खाते नहीं थे, वह अब बैंक सखी बनने जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसी लाखों बैंक सखियां आज बैंकों में अपनी सेवाएं दे रही हैं। बीमा सखी योजना के तहत दो लाख महिलाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है। दसवीं पास बहनों बेटियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। तीन साल तक आर्थिक मदद की जाएगी। बीमा से जुड़े सेक्टर का डाटा बताता है, हर महीने बीमा एजेंट पन्द्रह हजार रुपए कमाता है। इस तरह से देखें तो बीमा सखी साल में पौने दो लाख रुपए कमाएंगी।

पीएम ने कहा कि सोशल सिक्योरिटी के लिए, गरीबी को जड़ से मिटाने के लिए बीमा सखी अहम भूमिका निभाएगी। सरकार प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना चला रही है। बहुत कम प्रीमियम में दो-दो लाख तक का बीमा कराया जाता है। आज जो लोग बीमा कराने की सोच नहीं सकते थे उनका बीमा हो रहा है। इन योजनाओं के तहत अब तक देश में 20 हजार करोड़ रुपए क्लेम किया जा चुका है।

3 करोड़ महिलाओं को बनाएंगे लखपति 

उन्होंने कहा कि हमने महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप के जरिए ग्रामीण महिलाओं को जोड़ा है। आज देश की दस करोड़ बहनें ग्रुप में जुड़ी हैं। वह इस ग्रुप के जरिए कमाई कर रही हैं। सरकार ने महिलाओं को आठ लाख करोड़ रुपए से ज्यादा मदद दी है। आपकी भूमिका असाधारण है, आपका योगदान बहुत बड़ा है। आप ही देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का काम कर रही हैं।

मैंने लाल किले से तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने की घोषणा की है। अभी तक एक करोड़ पन्द्रह लाख लखपति दीदी बन चुकी हैं। हरियाणा में नमो ड्रोन दीदी की बहुत चर्चा है। हरियाणा चुनाव के दौरान मैंने कुछ इंटरव्यू पढ़े थे, उनमें महिलाओं ने बताया था कि कैसे उन्हें ड्रोन दीदी बनने का अवसर मिला। इससे उनको तीन लाख रुपए की कमाई हुई। यानी एक सीजन में लाखों की कमाई हो रही है। खेती और बहनों का जीवन दोनों बदल रहा है।

Please follow and like us:
error0
fb-share-icon20
Tweet 20
fb-share-icon20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com
error

Enjoy this blog? Please spread the word :)