फरीदाबाद, 7 जुलाई ( धमीजा ) : नगर निगम फरीदाबाद द्वारा सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ पखवाड़ा अभियान की शुरुआत आज सोमवार को सेक्टर-15 स्थित सामुदायिक भवन में की गई। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के स्थानीय शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ राज्य मंत्री राजेश नागर और महापौर प्रवीण जोशी विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रही।
कार्यक्रम में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय निवासी, सफाई कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मंत्री श्री गोयल द्वारा स्वच्छता शपथ दिलाई गई और स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। मंत्री विपुल गोयल ने लोगों से अपील की, कि वे अपने आसपास के 100 मीटर के क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखें और वर्ष में कम से कम 100 घंटे स्वच्छता के कार्यों में लगाए।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर स्वच्छ भारत मिशन को मजबूती से आगे बढ़ा रही हैं, लेकिन जब तक नागरिक खुद इसकी जिम्मेदारी नहीं लेंगे, तब तक यह अभियान पूरी तरह सफल नहीं हो सकता। मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि हर नागरिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि पहले अभियान की शुरुआत पंचकूला से की गई थी और अब इसे प्रदेश के सभी जिलों में लागू किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी, कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या पर भी सरकार गंभीर है, और फरीदाबाद शहर में 75% तक सुधार किया जा चुका है। शेष बचे क्षेत्रों में भी तेजी से काम किया जा रहा है।

लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को मंत्री की चेतावनी
विपुल गोयल ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का भी काम चल रहा है और आने वाले समय में और बेहतर नतीजे देखने को मिलेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो अधिकारी अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरत रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और दोष सिद्ध होने पर सजा भी दी जाएगी।
ग्रेटर फरीदाबाद में विकास के कारण प्रॉपर्टी की कीमतें बढ़ी : राजेश नागर

राज्य मंत्री राजेश नागर ने बताया कि आज भारत में स्वच्छता को लेकर जो बड़ा बदलाव आया है, वह बीते 10–11 वर्षों में भाजपा सरकार की नीति और प्रयासों का परिणाम है। अब सड़कों के किनारे कूड़ा नजर नहीं आता, क्योंकि निगम द्वारा जगह-जगह डंपिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। ग्रेटर फरीदाबाद में भी कूड़ा प्रबंधन को लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं और कचरे को वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जा रहा है।
श्री नागर ने कहा कि जब भी कसी क्षेत्र का विकास होता है , उस शहर में प्रॉपर्टी महंगी होने लगती है। पिछले दस वर्षों में ग्रेटर फरीदाबाद में प्लाटों की कीमत इसीलिए कई गुना बढ़ी चूँकि इस क्षेत्र को दूसरे राज्यों से जोड़ने के लिए शानदार राजमार्ग बनाये गए तथा तेज़ी से विकास किया जा रहा है। कई बड़े प्रोजेक्ट पाइपलाइन में हैं, लोग जागरूक हैं और उन्हें आभास हो रहा है कि आने वाले समय में ग्रेटर फरीदाबाद आधुनिक शहर होगा।